एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

 शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वैसे कुछ घंटों पहले देवेन्द्र फडणवीस ने कहा था कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे, लेकिन सरकार को पूरा सहयोग देंगे। लेकिन अब उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद संभालने का फैसला किया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ताजा बयान जारी कर कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालें।


इस बारे में गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट किया है। इसमें अमित शाह ने लिखा है कि जेपी नड्डा जी के कहने पर देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के हित में सरकार में शामिल होना स्वीकार कर लिया है। इससे पहले राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आज शाम 7.30 बजे एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और बीजेपी उन्हें पूरा समर्थन देगी। फडणवीस ने कहा कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे और नये लोगों को मौका दिया जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने संयुक्त रुप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और इस बात का ऐलान किया।

गुरुवार की दोपहर देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने राज्य में सरकार गठन का दावा पेश किया। भाजपा के पास कुल 106 विधायक हैं, जबकि एकनाथ शिंदे ने भी शिवसेना के बागियों और निर्दलीय विधायकों समेत कुल 49 सदस्यों के समर्थन का दावा किया है। इससे पहले एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंचे और फिर देवेन्द्र फडणवीस के घर पहुंचे। फिर दोनों एक साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

आज कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने उद्धव ठाकरे से उनके घर मातोश्री में मुलाकात की। कांग्रेस जहां एकजुटता दिखा रही है वहीं उसके नेता विरोध भी जता रही है। उद्धव के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के फैसले पर कांग्रेस के नेताओं ने ही सवाल उठाये हैं। पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि इससे ऐसा लगता है जैसे उद्धव ठाकरे लड़ना नहीं चाहते हैं। इनके मुताबिक उद्धव ठाकरे को विधानसभा में आना चाहिए था और अपनी बात रखते हुए इस्तीफा देना चाहिए था। औरंगाबाद और उस्मानाबाद शहरों ने नाम बदलने को लेकर भी कांग्रेस में नाराजगी है।


जसप्रीत बुमराह होंगे टीम इंडिया के कप्तान, ऋषभ पंत को मिली उप-कप्तानी

 इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को करारा झटका लगा है। कोरोना संक्रमित हुए रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह टीम की कप्तानी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करते नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह जानकारी दी है। बीसीसीआई ने कहा कि रोहित शर्मा फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हुए। ऐसे में पांचवें टेस्ट मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बुमराह को कप्तान बनाया गया है। वहीं ऋषभ पंत को उपकप्तानी सौंपी गई है। बता दें पिछले साल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली गई थी। कोरोना केस बढ़ने के कारण आखिरी मुकाबला नहीं हो पाया था, जो अब खेला जाएगा। फिलहाल भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है।


1 जुलाई से खेला जाएगा मैच

टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मुकाबला 1 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इसके बाद अगर रोहित शर्मा वापसी करते हैं, तो उनकी कप्तानी में तीन टी-20 और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टेस्ट मैच के लिए भारतीय स्क्वॉड का एलान कर दिया गया है। वहीं वनडे और टी-20 श्रृंखला के लिए स्क्वॉड घोषित करना बाकी है।

मतदान केंद्र पर लूट या तोड़फोड़ हुई तो आरोपित की संपत्ति से होगी वसूली

 पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों पर मतपेटी या मतपत्र लूटने, तोड़फोड़ करने वालों से नुकसान की वसूली करने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण के चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराना पड़ा था, वहां जिला प्रशासन द्वारा आरोपितों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत वसूली के नोटिस दिए गए हैं। यदि राशि जमा नहीं की जाती है तो संपत्ति से वसूली होगी।


उधर, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को बाधित करने के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए। मतदानकर्मियों की वजह से यदि पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहला चरण का मतदान हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होेगा। मतदान के दौरान पथराव करने, मतपेटी या मतपत्र लूटने या अन्य कारण से पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो दोषी व्यक्तियों से मतदान व्यवस्था पर हुए खर्च की वसूली की जाएगी।

भिंड और राजगढ़ जिले में जिला प्रशासन ऐसा कर चुका है। संबंधितों को नोटिस देकर मतदान दल के अधिकारियों-कर्मचारियों के दो दिन के वेतन, भोजन, चाय-नाश्ता, टेंट, बिजली, डीजल, पेयजल, वीडियोग्राफी सहित अन्य खर्च की क्षतिपूर्ति करने के लिए कहा गया है। यदि क्षतिपूर्ति नहीं की जाती है तो संपत्ति को आधिपत्य में लेकर राशि वसूली जाएगी।

उर्फी जावेद को मिली जान से मारने की धमकी

 उर्फी जावेद हमेशा अपने अलग फैशन स्टेटमेंट के लिए ही चर्चा में नहीं बनी रहती बल्कि वे अपने बेबाक बयानों की वजह से भी लाइमलाइट में रहती हैं। बोल्ड अंदाज वाली उर्फी जावेद अपने बयानों को खुलकर बोलने में कभी पीछे नहीं हटती हैं। फिर इसके लिए चाहे उर्फी को ट्रोल ही क्यों न होना पड़े। दरअसल उर्फी ने उदयपुर में हुए कन्हैयालाल के हत्याकांड मामले की कड़ी निंदा की थी। उर्फी ने लिखा था कि 'अल्लाह ने धर्म के नाम पर कभी भी ऐसी बर्बरता को मंजूर नहीं किया है।' उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था। जिसके बाद से उन्हें धमकी भरे मैसेज आने लगे। एक यूजर की धमकी का उर्फी ने स्क्रीनशॉट भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया है।


उर्फी को मिली जान से मारने की धमकी

उर्फी को यूजर्स उनके बयान पर धमकी भरे और भद्दे मैसेज कर रहे हैं। वहीं उर्फी ने एक शख्स के खिलाफ एक्शन लेने की बात भी कही है। उर्फी ने स्टोरी शेयर करते हुए अपनी उस पोस्ट में लिखा कि वे मुंबई पुलिस से इस शख्स की शिकायत करेंगी। उर्फी को एक यूजर ने चुड़ैल कहा है। वहीं एक यूजर ने लिखा कि 'अपना मुंह बंद कर चुड़ैल, तुझे तो क्या ही पता इस्लाम क्या है। हमारे नबी की शान में कोई गुस्ताखी करें और हम उसे कैसे छोड़ दें।' शख्स के इन मैसेजेस से उर्फी का पारा हाई हो गया है।

उर्फी करेंगी एफआईआर

इस घटना के बाद उर्फी ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि 'मैं इस शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने वाली हूं। ये शख्स धर्म के नाम पर मारने की धमकी दे रहा है। यह सभी चरमपंथियों के लिए सबक होगा। साजिद अब अपना समय जेल में इंजॉय करो।' उर्फी के लिए गए इस सख्त एक्शन के बाद देखना यह होगा कि इससे कितनों को सबक मिलता है। उर्फी इसके साथ-साथ कुछ अन्य वजहों से भी सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। वे मोस्ट सर्च एशियंस वर्ल्ड वाइड में 57 नंबर पर आ गई हैं। इस लिस्ट में आकर उर्फी ने कियारा आडवाणी, कंगना रनौत, जान्हवी कपूर जैसी बड़ी एक्ट्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इसको देखकर कहा जा सकता है कि उर्फी सच-मुच में काफी हिट हैं।

Mallika Sherawat एक बार फिर करेंगी बॉलीवुड में एंट्री, रणवीर शौरी के साथ आएंगी नजर

 अभिनेता रजत कपूर अपने निर्देशन में बनी फिल्म आरके/आर के ए वाई (RK/ RKAY) की रिलीज के लिए तैयार हैं। मंगलवार को फिल्म का टीजर लॉन्च भी किया गया। टीज़र के मुताबिक, इसमें रजत कपूर एक फिल्म निर्माता की भूमिका निभा रहे हैं जो अपने लापता नायक के बारे में परेशान है। इस फिल्म की कहानी में कोई भी हीरो नहीं है। इस फिल्म के साथ मल्लिका शेरावत एक बार फिर बाॅलीवुड फिल्मों में नजर आनेे वाली हैं। इसके बारे में मूवी के अभिनेता रणवीर शौरी ने स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कू ऐप (Koo App) पर टीज़र शेयर करते हुए लिखा, "दोस्तों! हीरो गायब है"


मल्लिका करने जा रही हैं कमबैक

इस फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत अपना कमबैक करने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। इससे पहले मल्लिका को बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) के सेट पर सलमान खान (Salman Khan) के साथ जमकर मस्ती करते देखा गया था। इतना ही नहीं जब वह बिग बॉस के घर अंदर गई थीं तब उन्होंने आसिम के साथ बेहद निराले अंदाज में डांस किया था। रजत कपूर की इस अपकमिंग फिल्म का प्रीमियर पहले ही कई फिल्म फेस्टिवल के दौरान किया जा चुका है। जिनमें शंघाई फिल्म फेस्टिवल, बुकियन इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल, फ्लोरेंस रिवर टू रिवर फेस्टिवल और पुणे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल शामिल है।

पहले भी साथ फिल्म कर चुके हैं रणवीर और मल्लिका

इससे पहले मल्लिका, रणवीर शौरी के साथ कई बड़ी फिल्में जैसे अगली और पगली (Ugly Aur Pagli), प्यार के साइड इफेक्ट्स (Pyar Ke Side Effects) में नज़र आ चुकी हैं। मल्लिका शेरावत ने अपनी 'मर्डर', 'ख्वाहिश', 'वेलकम', 'हिस्स' जैसी फिल्मों में जबरदस्त एक्टिंग से दर्शकों का दिल भी जीता है। बता दें ये फिल्म 22 जुलाई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के किेए गए उस प्रीमियर को सभी जगह काफी पसंद किया गया था। साथ ही इसकी खूब तारीफ भी हुई थी। जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का काफी प्यार मिलने वाला है।


विनायक चतुर्थी पर बनने जा रहे हैं दो शुभ योग

 आषाढ़ माह में आने वाली विनायक चतुर्थी का व्रत इस बार 03 जुलाई रविवार के दिन पड़ रहा है। इस दिन विघ्नहर्ता गणेश की विधि विधान से पूजा की जाती है। विशेष बात तो यह है कि यह पूजा दोपहर तक संपन्न कर ली जाती है। इस व्रत में चंद्रमा का दर्शन करना अशुभ माना जाता है। इस बार विनायक चतुर्थी व्रत के दिन दो शुभ योग बनने जा रहे हैं। रवि योग और सिद्धि योग। ये योग कार्यों में सफलता प्रदान करने वाले योग हैं। 


विनायक चतुर्थी शुभ मुहूर्त

आषाढ़ शुक्ल चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 02 जुलाई शनिवार दोपहर 03:16 से

आषाढ़ शुक्ल चतुर्थी तिथि का समापन 03 जुलाई दिन रविवार शाम 05:06 तक

गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:02 से दोपहर 01:49 तक

चंद्रोदय सुबह 08:54 पर

चंद्रास्त रात 10:33 पर

विनायक चतुर्थी शुभ योग

रवि योग प्रातः: 05:28 से सुबह 06:30 तक

सिद्धि योग दोपहर 12:07 से पूरी रात तक

इस दिन का शुभ समय दिन में 11:57 से दोपहर 12:53 तक

विनायक चतुर्थी अशुभ समय

राहुकाल शाम 05:39 से शाम 07:23 बजे तक

राहुकाल में शुभ एवं मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।

गणेश जी की पूजा विधि

जो लोग 03 जुलाई को विनायक चतुर्थी व्रत रखने वाले हैं। वे प्रातः स्नान करके चतुर्थी व्रत और पूजन करने का संकल्प लें। इसके बाद शुभ मुहूर्त में गणपति बप्पा की पूजा करें। इस दिन सबसे पहले गणेश जी को एक चौकी पर स्थापित करें। इसके बाद उनका जलाभिषेक करें। फिर उनको वस्त्र, चंदन, तिलक, कुमकुम, धूप, दीप, लाल फूल, अक्षत, पान सुपारी, आदि अर्पित करें।

गणेश जी की पूजा में दूर्वा का उपयोग जरूर करना चाहिए। क्योंकि यह गणेश जी को अत्यंत ही प्रिय होती है। भोग के रूप में मोतीचूर के लड्डू चढ़ाएं। इसके बाद गणेश चालीसा और विनायक चतुर्थी व्रत कथा का पाठ करें। गणेश जी आपकी सभी मनोकामनाओं को पूरा करेंगे।

आकाश अंबानी होंगे रिलायंस जियो इनफोकॉम लिमिटेड के नए चेयरमैन

 उद्योगपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी अब रिलायसं जियो इनफोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन होंगे। 27 जून को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में उनके नाम पर मोहर लगी। इससे पहले आकाश अंबानी बोर्ड में नॉन एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी की तरफ से की गई फाइलिंग में यह बात सामने आई।


ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में स्नातक आकाश अंबानी से पहले उनके पिता मुकेश अंबानी कंपनी के चेयरमैन के नाते काम देख रहे थे। मुकेश अंबानी का चेयरमैन पद से उनका इस्तीफा भी बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। इस नियुक्ति को नई पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने के तौर पर देखा जा रहा है। मुकेश अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के चेयरमैन बने रहेंगे।

जियो के 4जी इको सिस्टम को खड़ा करने का श्रेय काफी हद तक आकाश अंबानी को जाता है। 2020 में दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियों ने जियो में निवेश किया था, वैश्विक निवेश को भारत लाने में भी आकाश ने खूब मेहनत की थी।    

एक और बड़ा बदलाव करते हुए रिलायंस जियो इनफोकॉम लिमिटेड ने पंकज पवार को अगले 5 वर्षों के लिए कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है। एडिशनल डायरेक्टर रामिंदर सिंह गुजराल और के.वी. चौधरी अब स्वतंत्र निदेशकों को तौर पर काम देखेंगे। उनकी नियुक्ति भी 5 वर्षों के लिए प्रभावी होगी। शेयरधारकों के अनुमोदन के बाद ही यह नियुक्तियां मान्य होंगी।

ज्योति सक्सेना का यह लुक देखकर आप भी हो जाएंगे हैरान

  ज्योति सक्सेना अपने आकर्षक लुक से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने में कोई कसर नहीं छोड़ती हैं। अपने करिश्मे और शानदार उपस्थिति से दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री ने एक बार फिर अपने प्रशंसकों को चकित कर दिया है, क्योंकि वह एस फैशन डिजाइनर काजल अग्रवाल के लिए शो स्टॉपर बन गई। अभिनेत्री के रैंप की पहल स्वच्छ भारत अभियान और सेव द गर्ल चाइल्ड के सामाजिक कारणों के लिए थी। जिसे भारत आइकन अवार्ड्स 2022 द्वारा दर्शाया गया था। कारणों को अपना समर्थन देने के साथ, इस स्टनर ने हमारे दिलों पर राज कर दिया है अपने आश्चर्यजनक रूप और रैंप पर शानदार वॉक से|


ज्योति सक्सेना का शानदार लुक

ज्योति सक्सेना ने अपने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने कामुक लेकिन शालीन वॉक से रैंप पर आग लगाती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने काजल अग्रवाल के सी ग्रीन कलर में इंडो-वेस्टर्न लेहेंगा चुना, जो विशेष रूप से सोने और चांदी की ज़री, रेशम और कटे हुए मोती के साथ हाथ से बनाया गया था। लेहेंगा इतनी सुंदरता से बनाया गया था की अभिनेत्री ने पहनने के बाद उनका लुक एकदम निखर के आया। यह पोशाक इतनी बहुमुखी है कि आप इसे विभिन्न अवसरों के लिए कई तरीकों से स्टाइल कर सकते हैं| बालों के बारे में बात करे तो, उन्होंने इसे एक कर्ली बन बांधा और आठ बैंग्स खुले छोड़े | मेकअप में उन्होंने पूरी तरह मिश्रित बोल्ड आईशैडो के साथ winged आईलाइनर, गुलाबी गाल किए थे। उन्होंने अपने पूरे लुक को अति सुंदर 3 परतों वाले कुंदन नेकपीस में पूरा किया, जो उसके चेहरे को चकाचौंध कर रहा था। उनकी रैंप वाॅक देख सभी लोग उनसेे काफी इंप्रेस हो रहे थे।

डिजाइनर काजल अग्रवाल के लिए शो स्टॉपर ज्योति

अभिनेत्री ने कहा, "मैं अपनी प्रिय सखी काजल अग्रवाल के लिए शो स्टॉपर के रूप में चलने के लिए काफी खुश हूं।" मैंने जो पोशाक पहनी थी, वह वाकई शानदार थी। समाज के कल्याण के लिए चलना हमेशा से मेरी पहल रही है और बेटी बचाओ अभियान के लिए चलने मुझे मिला, मैं आभारी हूँ। मैं बहुत खुश थी क्योंकि मुझे दर्शकों से ढेर सारा प्यार और प्रशंसा मिली थी। मैं ऐसे और अवसरों की प्रतीक्षा कर रही हूं। अभिनेत्री ने कहा, "भारत आइकॉन अवार्ड्स का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मुझे इन कारणों का समर्थन करने का मौका दिया, जो मेरे दिल के बहुत करीब हैं।" वर्कफ्रंट की बात करें तो ज्योति सक्सेना जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश की टीम पहली बार बनी रणजी चैंपियन,

  मध्य प्रदेश की क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम रणजी ट्राफी के इतिहास में पहली बार खिताब जीतने में कायमाब रही है। बेंगलुरू के चिन्ना स्वामी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मध्य प्रदेश की रणजी टीम ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को 6 विकेट से मात दी। रविवार को Ranji Trophy Final 2022 का पांचवां दिन रहा। मुंबई की टीम ने पहली पारी में 374 रन का स्कोर खड़ा किया था, जवाब में मध्य प्रदेश की टीम ने तीन शतकीय पारियों की बदौलत 536 रन बनाए और 162 रनों की बढ़त हासिल कर ली। जवाब में मुंबई ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे। रविवार को मुंबई की दूसरी पारी 269 रन पर सिमट गई। इस तरह मध्य प्रदेश को मैच जीतने के लिए 108 रन की जरूरत थी, जिसे 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।


23 साल बाद फाइनल में पहुंची है मप्र टीम

मप्र टीम 23 साल बाद रणजी ट्राफी के फाइनल में पहुंची थी। पिछली बार भी टीम ने फाइनल इसी मैदान पर खेला था, लेकिन तब कर्नाटक से हार मिली थी। तब टीम के कप्तान चंद्रकांत पंडित थे, जो इस बार टीम के कोच हैं। तब टीम की हार के बाद पंडित की आंखों से आंसू बह पड़े थे। तब की कमियों को दूर करते हुए पंडित ने ऐसी रणनीति बनाई कि देश की सबसे सफल मुंबई टीम उलझती चली गई।

मध्य प्रदेश की रणजी टीम में इंदौर का बड़ा योगदान

इंदौर के शुभम शर्मा ने 116 रनों की शतकीय पारी खेलकर मध्यक्रम को मजबूती दी। इंदौर स्पोर्ट्स क्लब के उपाध्यक्ष राजूसिंह चौहान बताते हैं, शुभम बहुत कम उम्र में क्लब में आया था। वह बहुत अमीर परिवार से ताल्लुक नहीं रखता। छोटे से करियर में शुभम ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन मनोबल बनाए रखा। वह मेहनती है और लगातार खेल में सुधार करने के लिए प्रयास करता रहता है। मप्र की हर आयु वर्ग की टीम में शुभम का प्रदर्शन शानदार रहा है।

इंदौर के विजय क्लब में जब रजत पाटीदार क्रिकेट का ककहरा सीखने आए थे तो उम्र बहुत कम थी। यहां कोच राम अत्रे ने उन्हें प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया। इसके बाद पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमय खुरासिया ने रजत की तकनीक सुधारने के लिए मेहनत की। रजत ने आइपीएल में इस साल रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए जोरदार प्रदर्शन किया था। मप्र के लिए भी फाइनल में 122 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

इंदौर के आलराउंडर सारांश जैन ने फाइनल में 97 गेंदों पर 57 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने निचलेक्रम के बल्लेबाजों को साथ लेकर सुनिश्चित किया कि मप्र का स्कोर बहुत बड़ा बने।

उपचुनाव के नतीजे घोषित, यूपी-त्रिपुरा में बीजेपी का जलवा

 देश के छह राज्यों में लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे जारी हो गए। इन सीटों पर बीते 23 जून को वोटिंग हुई थी और मतगणना रविवार की सुबह 8 बजे से शुरू हुई थी। यूपी की दोनों लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में मिली जीत को 2024 में होने वाले आम चुनाव के लिए जनता का संदेश बताया है। सीएम योगी ने कहा कि यह जीत भाजपा की नीतियों और पीएम मोदी के लिए लोगों के विश्वास का परिणाम है। पीएम मोदी ने भी इस जीत के लिए मुख्यमंत्री योगी और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।


उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ सपा नेता आजम खान ने विधायक चुने जाने के बाद सांसद पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसकी वजह से खाली हुई आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। रामपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी धनश्याम लोधी ने सपा के आसिम रजा को 42000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। वहीं आजमगढ़ सीट पर भाजपा के दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने सपा के धर्मेंद्र यादव को 7 हजार से अधिक मतों से हरा दिया है। देखा जाए तो यूपी में बीजेपी का जलवा कायम है और समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगा है।

पंजाब

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधायक चुने जाने के कारण संगरूर लोकसभा सीट खाली हुई थी। यहां हुए उपचुनाव में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने आम आदमी पार्टी के गुरमेज सिंह को 5000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। ये आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

दिल्ली

दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने अपनी पकड़ मजबूत बनाये रखी है। राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने भाजपा के राकेश भाटिया को 11,555 मतों के अंतर से हराया। यह सीट राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने से खाली हुई थी।

त्रिपुरा

त्रिपुरा में बीजेपी का बोलबाला रहा। यहां 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने टाउन बारदोवाली, सूरमा और जुबराजनगर सीट पर जीत दर्ज की, जबकि अगरतला सीट पर कांग्रेस को कामयाबी मिली है।

आंध्र प्रदेश

प्रदेश की आत्मकुरु विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी के उम्मीदवार मेकापति विक्रम रेड्डी ने 82,888 मतों से जीत दर्ज की। इस उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार भरत कुमार गुंदलपल्ली दूसरे स्थान पर रहे।

झारखंड

झारखंड में कांग्रेस अपनी सीट बरकरार रखने में कामयाब रही। यहां की मांडर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी तिर्की ने जीत दर्ज की। शिल्पी पिछले चुनाव में यहां से जीते पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की बेटी हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में बंधु तिर्की ने जेवीएम के टिकट पर चुनाव जीता थे, लेकिन बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। बाद में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उन्हें सीट गंवानी पड़ी। हेमंत सरकार के कार्यकाल में ये चौथा उपचुनाव है, जिसमें सत्तारुढ़ दल को जीत मिली है।

म्यूनिख में भारतीय समुदाय से मिले पीएम मोदी

 जर्मनी दौरे पर पीएम नरेन्द्र मोदी म्यूनिख में भारतीयों के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज गर्व से कह सकते हैं कि भारत लोकतंत्र की जन्मभूमि है। पीएम मोदी ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के लोगों ने लोकतंत्र को कुचलने की सारी साजिशों का जवाब, लोकतांत्रिक तरीके से ही दिया। हम भारतीय कहीं भी रहें, अपनी डेमोक्रेसी पर गर्व करते हैं। हर हिंदुस्तानी गर्व से कहता है, भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है।

पीएम मोदी के संबोधन की अहम बातें

  • भारत के लोगों ने लोकतंत्र को कुचलने की सारी साजिशों का जवाब, लोकतांत्रिक तरीके से ही दिया। हम भारतीय कहीं भी रहें, अपनी डेमोक्रेसी पर गर्व करते हैं।
  • आज भारत के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। आज भारत का लगभग हर गांव, सड़क मार्ग से जुड़ चुका है। आज भारत के 99 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के पास क्लीन कुकिंग के लिए गैस कनेक्शन है। आज भारत का हर परिवार बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।
  • आज 21वीं सदी का भारत, चौथी औद्योगिक क्रांति में, इंडस्ट्री 4.0 में, पीछे रहने वालों में नहीं बल्कि इस औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करने वालों में से एक है। Information Technology में, Digital Technology में भारत अपना परचम लहरा रहा है।
  • आज का भारत “होता है, चलता है, ऐसे ही चलेगा” वाली मानसिकता से बाहर निकल चुका है। आज भारत ‘करना है’ ‘करना ही है’ और ‘समय पर करना है’ का संकल्प रखता है।
  • भारत अब तत्पर है, तैयार है, अधीर है। भारत अधीर है, प्रगति के लिए, विकास के लिए। भारत अधीर है, अपने सपनों के लिए, अपने सपनों की सिद्धि के लिए।
  • आज भारत में 90 प्रतिशत adults को वैक्सीन की दोनों डोज़ लग चुकी हैं। 95 प्रतिशत adults ऐसे हैं, जो कम से कम एक डोज़ ले चुके हैं। ये वही भारत है, जिसके बारे में कुछ लोग कह रहे थे कि सवा अरब आबादी को वैक्सीन लगाने में 10-15 साल लग जाएंगे।
  • मुश्किल से मुश्किल हालातों में भी भारत के लोगों का हौसला ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पिछले साल हमने अब तक का highest export किया है। ये इस बात का सबूत है कि एक ओर हमारे manufacturers नए अवसरों के लिए तैयार हो चुके हैं, वहीं दुनिया भी हमें उम्मीद और विश्वास से देख रही है।

रकुलप्रीत सिंह ने पसूरी गाने पर किया सिजलिंग डांस

 बॉलीवुड के बड़े-बड़े एक्टर्स के साथ काम कर चुकी एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह के चर्चे साउथ से लेकर बाॅलीवुड तक होते हैं। बड़े पर्दे पर अपनी बेहतरीन अदाओं का जलवा बिखेरने वाली रकुलप्रीत सिंह फैन फॉलोइंग दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। रकुलप्रीत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वे अपने फैंस के साथ अपनी तरह-तरह की फोटोज शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने फैंस के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया है। रकुलप्रीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर उनके कथित बॉयफ्रेंड जैकी भगनानी ने भी कमेंट किया है।


पसूरी गाने पर अपनी अदाएं बिखेरी

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। उनका यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे ट्रेडिंग सॉन्ग पसूरी पर डांस करती हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने इस वीडियो में को-आर्ड एथनिक ड्रेस पहन रखी है। जिसमें वे काफी खूबसूरत लग रही हैं। सिंपल लुक के साथ उनका ये डांस उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है। अपना वीडियो शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा कि ‘मेरे लेटेस्ट फेवरेट गाने के लिए मैं कुछ ऐसा फील कर रही हूं।’ इसके साथ ही उन्होंने अपने डांस कोरियोग्राफर को टैग करते हुए धन्यवाद भी कहा।

जैकी भगनानी ने भी किया कमेंट

रकुलप्रीत सिंह का यह शानदार डांस हर किसी को काफी पसंद आ रहा है। उनके फैंस उनकी वीडियो पर कमेंट करते हुए उनके डांस मूव्स और खूबसूरत लुक की तारीफ कर रहे हैं। कोई उनके डांस की तारीफ कर लाजवाब बता रहा है तो कोई रकुल के लुक्स देख दिवाना हो रहा है। एक ने कमेंट करते हुए लिखा कि ‘वाओ।’ वहीं दूसरे ने लिखा ‘वाह माइंड ब्लोइंग रकुल।’ फैंस के साथ-साथ सेलेब्स भी रकुल की डांस परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे हैं। कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने भी रकुल की इस वीडियो पर ‘हार्ट’ इमोजी कमेंट किया है। इसके साथ ही उनके कथित बॉयफ्रेंड जैकी भगनानी ने भी रकुल के डांस मूव्स की तारीफ करते हुए कमेंट में लिखा कि ‘क्या आप मुझे भी ये सिखा सकती हैं?’

इंदौर सहित देशभर में 1 जुलाई से चाकलेट कैंडी में नहीं लगेगी प्लास्टिक स्टिक

 इंदौर सहित देशभर में 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने की तैयारी की जा रही है। इस वजह से आने वाले दिनों में चाकलेट कैंडी में प्लास्टिक स्टिक दिखाई नहीं देगी। वहीं चौराहों पर मिलने वाले गुब्बारों के साथ भी प्लास्टिक स्टिक नहीं मिलेगी।


भारत सरकार के प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधन) नियम 2021 के अनुसार प्लास्टिक व थर्माकोल से बने सिंगल यूज़ प्लस्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में मप्र पाल्युशन कंट्रोल बोर्ड की टीमों द्वारा इंदौर के प्रमुख प्रतिष्ठानों में जाकर सिंगल यूज प्लास्टिक की ब्रिक्री पर रोक लगाने के लिए दुकानदारों व आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पाल्युशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसएन द्विवेदी ने इंदौर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी व बुरहानपुर जिलों में इसके लिए दल गठित किए हैं। इंदौर में विभाग के विज्ञानी सुनील व्यास के नेतृत्व में एक टीम ने पाटनीपुरा, रानीपुरा, सियागंज क्षेत्र में प्लास्टिक की पालीथिन व अन्य उत्पाद बेचने वाले विक्रेताओं को समझाइश दी। दल ने एमआर-9 चौराहे के पास एबी रोड पर स्थित दो माॅल के अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने की जानकारी दी गई और यहां के प्रतिष्ठानों की जांच भी की। इस कार्रवाई के दौर मप्र पाल्युशन कंट्रोल बोर्ड के अजय मिश्रा, संजय जैन व रामसंतोष शुक्ला भी उपस्थित थे।

इन प्लास्टिक उत्पादों के क्रय, विक्रय व उपयोग पर रहेगा प्रतिबंध -प्लास्टिक स्टिक सहित ईयर बड, गुब्बारों में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक स्टिक, चाकलेट कैंडी स्टिक, आइस्क्रीम स्टिक, सजावट में उपयोग होने वाले थर्माकोल, प्लास्टिक व थर्माकोल से बने प्लेट, कप, गिलास, फाेर्क, चम्मच, स्ट्रा व ट्रे, मिठाई के बक्से, निमंत्रण पत्र, सिगरेट पैकेट को कवर करने वाली पैकिंग फिल्म, प्लास्टिक स्टीकर्स, 100 माइक्रान से कम मोटाई वाले प्लास्टिक व पीवीसी के बैनर आदि। इन वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

कोलार के तीर, जनचर्चा में प्रत्याशी

कोलार, भोपाल की राजनीति में सबसे अहम क्षेत्र कोलार उपनगर में नगर निगम चुनाव अब जनचर्चा में आने लगा है, मुख्य पार्टी के प्रत्यशियों के चुनावी कार्यालयों के उद्घाटन का दौर जारी है, पूर्व मुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने चुनावी हवा को तेज करने क्षेत्र में आमद दर्ज कराई और भाजपा पर आरोप लगाया की उनकी पार्टी से चुने जनप्रतिनिधियों ने केवल क्षेत्र में कई तरह से वसूली की और विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने जनता से भी इमोशनल सवाल किये जैसे जब हमारी सरकार थी बिजली का बिल कितना आता था  अब कितना आ रहा है? उन्होंने झुग्गी क्षेत्रों में निवासरत लोगों को बताया उनकी सरकार ने मकानों के पट्टे बांटे थे। 



रामेश्वर चुनावी मोर्चे पर  

भाजपा से मुख्य प्रचार की कमान हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के हाथों में है, जनता के बीच उनका सवाल पहले क्या था, अब क्या है! देखों, जनता को विकास की तस्वीर दिखा रहा है। क्षेत्र के मुख्य मार्ग के 6 लेन होने बात मंच से कही जा रही है। मंच से दावा कर रहे क्षेत्र में कलियासोत पर बने नये पुलों से स्थानीय प्रोपर्टी की कीमत बढ़ी है। टैंकर अब नदारद हो गये है पानी की समस्या क्षेत्र में खत्म होने को है। क्षेत्र को मोदी सरकार की योजनाओं से लाभ मिल रहा है जल्द क्षेत्र झुग्गी मुक्त होगा सभी को पक्के मकानों में बसाया जायेगा।




जनता के बीच चर्चा

जन-गण-मन की जाने तो सबसे बड़ी चर्चा प्रत्याशी कौन है? कहाँ से है? क्षेत्र में 4 वार्ड 80, 81, 82, 84 महिला वार्ड है दोनों ही पार्टी ने वो नाम दिए है जो जनता के बीच नये है। जनता उनका परिचय और नाम आपस मे साझा करते बात करते सुनाई आते है। सबसे ज्यादा घमासान वाला एक मात्र वार्ड 83 है यहाँ प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा से मंगल सिंह यादव जो की पूर्व सरपंच है, नगर पालिका अध्यक्ष विजेता रहे है तो उनके प्रतिद्वंद्वी है पूर्व पार्षद रविन्द्र यति।


क्रमशः

तीस्ता सीतलवाड़ एटीएस की हिरासत में, गुजरात दंगों के मामले में साजिश रचने का आरोप

  गुजरात आतंकवादी निरोधी दस्ते (ATS) की टीम ने शनिवार को कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ को हिरासत में लिया। उन्हें अहमदाबाद ले जाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीस्ता और दो पूर्व आईपीएस अधिकारियों पर गुजरात दंगों के बारे में कथित तौर पर गलत जानकारी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।


साजिश का आरोप

गुजरात पुलिस ने इस मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट, पूर्व आईपीएस आरबी श्रीकुमार और कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक सीतलवाड़ ने जकिया जाफरी के जरिए कई याचिकाएं अदालत में डालीं और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के प्रमुख और अन्य आयोगों को गलत जानकारी दी। जांच में पाया गया कि याचिका के जरिए झूठी सूचना दी गई।

इन धाराओं पर केस दर्ज

आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471(फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल), 194(झूठे सबूत देना) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2002 के दंगों के मामले में पीएम नरेंद्र मोदी सहित 64 लोगों को एसआईटी की क्लीन चिट को बरकरार रखने के बाद आया है।

गृहमंत्री बोले-तीस्ता के एनजीओ ने गलत जानकारी दी

इससे पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू में सीतलवाड़ पर गुजरात दंगों के बारे में पुलिस को आधारहीन जानकारी देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि तीस्ता सीतलवाड़ का एक एनजीओ था। जिसने बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस स्टेशन में आवेदन जमा किए थे। उन्हें सच मानकर मांगा गया था। इधर गुजरात एटीएस की टीम शनिवार को मुंबई के जुहू स्थित तीस्ता के आवास पर पहुंची। उन्हें मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन ले गई, बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

जुलाई से खुल जाएगी इन राशि वालों की किस्मत, हटेगी शनि की टेढ़ी नजर

 शनि ग्रह 12 जुलाई को राशि परिवर्तन करेंगे। वे वक्री चाल चलते हुए कुंभ राशि से निकलकर मकर राशि में आएंगे। वक्री शनि का गोचर सभी राशियों को प्रभावित करेगा। साथ ही शनि राशि परिवर्तन का असर उन राशि वालों पर पड़ेगा। जिन पर साढ़े साती या ढैय्या चल रही है।


खत्म होगी 2 राशियों की ढैय्या

शनि देव फिलहाल कुंभ राशि में हैं। इस कारण कर्क और वृश्चिक राशि वालों पर ढैय्या चल रही है। इन राशियों पर 29 अप्रैल से ढैय्या शुरू हुई। वहीं मिथुन और तुला राशि से शनि की ढैय्या खत्म हुई थी। हालांकि अब फिर वक्री शनि के मकर राशि में आते ही दोनों राशियों पर ढैय्या शुरू हो जाएगी। साथ ही कर्क और वृश्चिक राशिवालों को राहत मिलेगी।

कर्क-वृश्चिक वालों को मिलेगी सफलता

12 जुलाई को शनिदेव के मकर राशि में प्रवेश करते ही कर्क और वृश्चिक राशि से ढैय्या समाप्त हो जाएगी। साथ ही इन्हें कामों में सफलता मिलने लगेगी। अटके हुए काम बनेंगे। रुका हुआ पैसा वापस मिलेगा। तनाव और शारीरिक कष्ट कम होंगे। प्रमोशन, इंक्रीमेंट और व्यापार में वृद्धि होगी। अगर कुंडली में शनि अच्छी स्थिति में है, तो काफी लाभ देंगे। इस दौरान शनिदेव को प्रसन्न करने के उपाय जरूर करें।

शनि शांति मंत्र स्तुति

राज्य नष्ट हुए राजा नल को शनिदेव ने स्वप्न में अपने एक प्रार्थना मंत्र का उपदेश दिया था। उसी नाम स्तुति से उन्हें पुनः राज्य उपलब्ध हुआ था। उस स्तुति से शनि की प्रार्थना करनी चाहिए। जो जातक हर शनिवार को इसका पाठ करता है। उसे कभी शनि की पीड़ा नहीं भोगनी पड़ती।

सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! जुलाई में सरकार देगी 3 बड़े लाभ

  अगले महीने केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को तीन तोहफे दे सकती है। सरकार कर्मचारियों की सैलरी में वृद्धि के साथ बकाया राशि के भुगतान पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महंगाई भत्ता में बढ़ोतरी के साथ बकाया डीए का भुगतान और पीएफ ब्याज की राशि भी सरकार कर्मचारियों को दे सकती है। बता दें कर्मचारियों को 18 महीने का डीए नहीं मिला है। सरकार ने कोरोना महामारी के कारण इसे होल्ड पर रखा था।


बकाया महंगाई भत्ता का भुगतान

रिपोर्ट्स की माने तो केंद्र कर्मचारियों के बकाया महंगाई भत्ता का भुगतान जुलाई में कर सकती है। जनवरी 2020 से जून 2021 तक 18 माह का डीए बकाया है। कहा जा रहा है कि कर्मचारियों को दो लाख रुपए का बकाया डीए एरियर मिल सकता है।

महंगाई भत्ता में वृद्धि

वहीं केंद्र सरकार जुलाई में केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में वृद्धि कर सकती है। सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 4 से 5 फीसदी तक इजाफा कर सकती है। फिलहाल 34 फीसदी की दर से कर्मचारियों को डीए मिल रहा है। केंद्र ने मार्च में तीन फीसदी डीए बढ़ाया था। बता दें मई में रिटेल महंगाई दर 7.04 फीसदी रही। यह आरबीआई द्वारा तय टारगेट से अधिक है। यदि सरकार डीए में बढ़ोतरी करती है, तो 50 लाख से अधिक कर्मचारियों को 65 लाख पेंशनर्स को इसका लाभ मिलेगा।

पीएफ ब्याज मिलेगा

केंद्र सरकार ईपीएफओ के ब्याज दर मुहर लगा चुकी है। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए ईफीएफ पर 8.01 प्रतिशत ब्याज दर तय है। पिछले वित्त वर्ष में ब्याज दर 8.5 फीसदी थी। ब्याज दर कम होने से लाखों नौकरीपेशा को झटका लगा है। कहा जा रहा है कि सरकार अगले महीने कर्मचारियों के बैंक खाते में पीएफ के ब्याज की रकम ट्रांसफर कर सकती है।

शिंदे गुट ने बढ़ाई होटल की बुकिंग, अब 30 जून तक गुवाहाटी में ठहरेंगे

  महाराष्ट्र में सियासी घमासान जारी है। अब तक हाई प्रोफाइल ड्रामा हुआ, लेकिन तस्वीर साफ नहीं है कि आगे क्या होगा? सभी की नजर महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर पर रही। डिप्टी स्पीकर ने आज दो बड़े कदम उठाए। पहला- उनके खिलाफ शिंदे गुट द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया और दूसरा - बागी गुट के 16 विधायकों को नोटिस कर दिया गया है। उनके पास जवाब देने के लिए सोमवार शाम 5 बजे तक का मौका है। इस बीच, मुंबई से लेकर दिल्ली और गुवाहाटी तक बैठकों का दौर जारी है। उद्धव ठाकरे हर तरह का कार्ड खेल रहे हैं, वहीं संजय राउत की बयानबाजी भी जारी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस भी Wait n watch की पॉलिसी अपनाए हुए हैं। भाजपा भी यही कर रही है, हालांकि अंदरखाने रणनीति पर काम पहले दिन से जारी है। 


महाराष्ट्र में सियासी हलचल के बीच शिंदे का ट्वीट

एकनाथ शिंदे ने एक ट्वीट किया है। कहा कि शिवसेना कार्यकर्ताओं को समझना चाहिए कि मैं शिवसेना और उसके कार्यकर्ताओं को महाविकास अघाडी सरकार के चंगुल से मुक्त करना चाहता हूं। मैं इसके लिए संघर्ष कर रहा हूं। यह लड़ाई पार्टी कार्यकर्ताओं की बेहतरी के लिए है।

मध्‍य प्रदेश में नगर पालिका और परिषद के अध्यक्ष की आयु 21 वर्ष करने के अध्यादेश का प्रारूप विधि विभाग को भेजा

  नगर पालिका और नगर परिषद का अध्यक्ष 21 वर्ष की आयु का पार्षद भी बन सकेगा। इसके लिए सरकार द्वारा लाए जा रहे नगर पालिक विधि संशोधन अध्यादेश के प्रारूप को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के अनुमोदन के बाद शुक्रवार को विधि एवं विधायी विभाग भेज दिया। विभाग विधिक पक्षों का अध्ययन करने के बाद इसे लौटाएगा, जिसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के माध्यम से राज्यपाल मंगुभाई पटेल की अनुमति के लिए भेजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले सप्ताह अध्यादेश की अधिसूचना जारी हो जाएगी।


राज्य निर्वाचन आयोग 16 नगर निगम, 76 नगर पालिका और 255 नगर परिषदों के चुनाव दो चरण में कराया जा रहा है। निर्वाचन की प्रक्रिया 18 जुलाई को पूरी हो जाएगी। इसके बाद वर्तमान व्यवस्था के अनुसार पार्षदों में से नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इसके लिए अभी पात्रता आयु 25 वर्ष या उससे अधिक निर्धारित है, जबकि पार्षद पद के लिए पात्रता आयु 21 या उससे अधिक तय है।

कांग्रेस सरकार ने 2019 में नगर पालिका विधि में संशोधन करके अध्यक्ष का चुनाव जनता की जगह पार्षदों के माध्यम से कराए जाने की व्यवस्था लागू कर दी थी लेकिन अध्यक्ष की पात्रता आयु में संशोधन नहीं हो पाया। तब से ही यह प्रविधान प्रभावी है। अब सरकार ने तय किया है कि जो पात्रता आयु पार्षद के लिए निर्धारित है, वही अध्यक्ष के लिए भी रहेगी। इसके लिए अधिनियम में संशोधन किया जा रहा है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा का मानूसन सत्र 25 जुलाई है और 18 जुलाई को नगरीय निकायों के निर्वाचन की प्रक्रिया हो जाएगी, इसलिए अध्यादेश के माध्यम से अधिनियम में संशोधन किया जा रहा है। विभागीय मंत्री के अनुमोदन मिलने के बाद अध्यादेश के प्रारूप को विधि एवं विधायी विभाग विधिक पहलूओं का अध्ययन करने के लिए भेजा गया है। वहां से लौटने पर इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुमोदन से राज्यपाल को अनुमति के लिए भेजा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि 28 जून को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में भी अध्यादेश का विचार के लिए रखा जा सकता है।

भितरघात करने वाले कांग्रेस प्रवक्ता ब्रजेश पांडे निष्कासित

 विपक्षी पार्टी के साथ मिलकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे प्रदेश प्रवक्ता ब्रजेश पांडे को छह साल के लिए सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। पार्टी को लगातार पांडे के विरुद्ध अनुशासनहीनता की शिकायत प्राप्त हो रही थी। इस आधार पर यह कदम उठाया गया है।


प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि चाहे कोई भी हो, पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पांडे विपक्षी पार्टी के साथ तालमेल बनाकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे थे। इस आधार पर उन्हें पार्टी की सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर इसकी सूचना जिला शहर कांग्रेस कमेटी रीवा को भी दे दी है।

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव ने भाजपा पर आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याश्ाी बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने पत्रकारवार्ता में कहा कि इंदौर, सागर, टीकमगढ़ सहित अन्य नगरीय निकायों में आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को टिकट दिया है। जिन्होंने इन्हें टिकट देने की अनुशंसा की, उनके नाम अब तक भाजपा ने सार्वजनिक नहीं किए हैं। इससे साफ होता है कि भाजपा कुछ व्यक्तियों का टिकट काटकर जनता को भ्रमित करना चाहती है पर मतदाता समझदार है और चुनाव के माध्यम से अपनी भावना प्रकट करेगा।

उद्धव ठाकरे की शरद पवार के मीटिंग खत्म, कल बुलाई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

  हाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने साफ कहा है कि वो बागियों के सामने हथियार नहीं डालेंगे और आर-पार की लड़ाई को भी तैयार हैं। सरकार बचाने की कोशिशों को लेकर उनकी शरद पवार के साथ बैठक हुई। इस बैठक में एनसीपी चीफ शरद पवार, डिप्टी सीएम अजीत पवार, प्रफुल्ल पटेल और कैबिनेट मंत्री जयंत पाटिल मातोश्री पहुंचे। करीब 2 घंटे तक इस बैठक में सरकार बचाने की संभावनाओं पर गहन विमर्श हुआ। कल यानी शनिवार को शिवसेना ने कल दोपहर 1 बजे मुंबई के सेना भवन में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होंगे। ।


उधर, तमाम धमकियों और भावनात्मक अपील के बावजूद बागी विधायकों की संख्या बढ़ती जा रही है। आज महाराष्ट्र शिवसेना के एक और विधायक दिलीप लांडे, गुवाहाटी होटल पहुंचे और बागी विधायकों के साथ शामिल हो गये। इनके अलावा राजेश क्षीरसागर के भी गुवाहाटी पहुंचने की खबर है। इन बागी विधायकों के नेता एकनाथ शिंदे का दावा है कि अब उन्हें शिवसेना के 38 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। आपको बता दें कि दल-बदल कानून से बचने से के लिए उन्हें 37 विधायकों की जरुरत है। ऐसे में एक और विधायक के जुड़ने से उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है।

महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष ने विधायक अजय चौधरी को राज्य विधानसभा में शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करने के शिवसेना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस संबंध में डिप्टी स्पीकर कार्यालय की ओर से शिवसेना कार्यालय को पत्र भेजा गया है।

शिवसेना चीफ और सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा है कि वो पार्टी के अध्यक्ष का पद छोड़ने को तैयार हैं, बशर्ते बागी विधायक वापस लौटें और खुद उनसे बात करें। वैसे उन्होंने ये भी कहा कि वो हथियार नहीं डालेंगे और अगर बागी विधायक वापस नहीं लौटे, तो अब आर-पार की लड़ाई होगी।

बागी विधायकों की डिप्टी स्पीकर को हटाने की तैयारी, अयोग्य घोषित करने के अधिकार को चुनौती

  एक तरफ शिवसेना बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ बागी विधायक डिप्टी स्पीकर को ही हटाने की मांग कर रहे हैं। गुवाहाटी में मौजूद शिंदे गुट के दो निर्दलीय विधायक महेश बाल्दी और विनोद अग्रवाल ने महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को हटाने के लिए नोटिस भेजा है। आपको बता दें कि डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल एनसीपी (NCP) के नेता हैं। इन्होंने डिप्टी स्पीकर द्वारा शिवसेना के एमएलए अजय चौधरी को सदन का नेता नियुक्त किए जाने का भी विरोध किया है। शिवसेना के बागी विधायकों की बैठक में उन्होंने डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को हटाने का प्रस्ताव लेने की योजना बनाई है। बागी गुट के 46 विधायकों के हस्ताक्षर से प्रस्ताव तैयार करने के लिए काम जारी है।


शिवसेना की चाल का जवाब

दरअसल शिवसेना ने बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डिप्टी स्पीकर को पत्र लिखा, जिसमें 16 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग की। शिवसेना ने कल 12 और आज 4 और लोगों के नाम डिप्टी स्पीकर को भेजे। डिप्टी स्पीकर को अब इन 12 बागी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग पर फैसला लेना है। इसी की प्रतिक्रिया में दो निर्दलीय विधायकों ने डिप्टी स्पीकर के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस भेज दिया।

नोटिस से क्या होगा फायदा?

नोटिस भेजनेवाले दोनों विधायकों ने अरुणाचल प्रदेश के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए डिप्टी स्पीकर से अयोग्यता याचिका पर फैसला नहीं करने का आग्रह किया है। इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि स्पीकर अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला नहीं कर सकते हैं, यदि उनके खिलाफ "अविश्वास" प्रस्ताव लंबित हो। विधायकों में से एक महेश बाल्दी ने जिरवाल से कहा कि वह किसी को भी अयोग्य घोषित करने की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि वे खुद अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विधायक अयोग्य घोषित किए गए तो हम अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

क्या बिन ठाकरे होगी शिवसेना? उद्धव के हाथ से सरकार ही नहीं पार्टी भी जाने का खतरा

  महाराष्ट्र में सियासी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। जहां उद्धव ठाकरे और उनके समर्थक नेता बागी विधायकों से सामने आकर इस्तीफा मांगने की अपील कर रहे हैं। दूसरी ओर एकनाथ शिंदे का कहना है कि उद्धव के साथ वाली शिवसेना अब पुरानी पार्टी नहीं रह गई है। शिंदे ने दावा किया है कि निर्दलीय और शिवसेना के 42 से ज्यादा विधायक उनके साथ हैं। यानी असली शिवसेना ही उनके साथ है। इतना ही नहीं शिंदे ने एक दिन पहले ही महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को 34 विधायकों के हस्ताक्षर वाली चिट्ठी भेजी, जिसमें शिवसेना के विधायक दल के चीफ व्हिप को हटाने की बात कही गई है। 



शिंदे के इस कदम को शिवसेना प्रमुख और सीएम उद्धव ठाकरे के लिए बड़ी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, पार्टी के मुख्य व्हिप को हटाने का फैसला आमतौर पर दल के प्रमुख का ही होता है। अपने नेताओं के इतनी बड़ी संख्या में टूटने और उनके बगावती तेवर देखने के बाद उद्धव ठाकरे ने खुद मंगलवार को सीएम आवास छोड़ दिया और अपने घर मातोश्री लौट गए। उन्होंने बागी विधायकों से इस्तीफा तैयार होने की बात भी कही। 

ऐसे में यह सवाल अभी भी सामने हैं कि क्या शिवसेना के दो-तिहाई विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे पार्टी पर अपना दावा ठोक सकते हैं? अगर शिवसेना टूटती है तो उसका तीर-कमान का निशान किस धड़े के पास रहेगा? इसके अलावा पार्टी टूटने पर असली शिवसेना कौन है, इसका फैसला कौन करेगा? 

क्या शिवसेना पर दावा ठोक सकते हैं एकनाथ शिंदे?
एकनाथ शिंदे के साथ गुवाहाटी के होटल में शुरुआत में विधायकों की संख्या 34 थी। हालांकि, मुंबई से बुधवार और गुरुवार को कुछ और विधायक गुवाहाटी पहुंच गए। शिंदे गुट की ओर से कहा गया है कि उसके पास 40 शिवसेना के विधायकों का समर्थन है, जबकि छह से ज्यादा निर्दलीय भी उनके साथ हैं। इस धड़े ने गुवाहाटी में रुके 42 विधायकों की एक तस्वीर भी जारी की थी, जिसमें 35 शिवसेना के एमएलए शामिल थे। यानी शिंदे के पार्टी तोड़ने और दल-बदल कानून से बचने के दावे से महज दो कम। ऐसे में माना जा सकता है कि शिंदे के पास विधायकों का जरूरी समर्थन मौजूद है।

सूर्य देव ने बदला नक्षत्र, इन राशियों के शुरू हुए अच्छे दिन

  सूर्य देव ने 22 जून को नक्षत्र परिवर्तन किया है। सूर्य गोचर की तरह नक्षत्र परिवर्तन भी प्रभावित करता है। भास्कर इस समय आर्द्रा नक्षत्र में हैं। वे 6 जुलाई तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। इस दौरान 3 राशियों पर उनकी कृपा बरसेगी। इससे पहले 15 जून को सूर्य ने मिथुन राशि में प्रवेश किया था। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार रवि जब आर्द्रा नक्षत्र में होते हैं। तब शुभ फल देते है। इस दौरान महादेव और भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। ऐसा करने से सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।


मिथुन राशि

आर्द्रा नक्षत्र में सूर्य मिथुन राशि वालों को लाभ देंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रमोशन-इंक्रीमेंट मिलने के योग हैं। ऑफिस में मान-सम्मान बढ़ेगा। सारे काम पूरे होंगे। नए कार्य शुरू करने के लिए उत्तम समय है। मनोबल मजबूत होगा। आपको समस्या से छुटकारा मिलेगा। स्थान परिवर्तन होने की संभावना है।

कन्या राशि

सूरज का नक्षत्र परिवर्तन कन्या राशि के जातकों के लिए लाभदायक होगा। जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी खबर मिल सकती है। नौकरी-व्यापार में सफलता मिलेगी। सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा होगा। करीबी व्यक्ति से सहयोग प्राप्त होगा। किसी महत्वपूर्ण काम को संचालित कर पाएंगे।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए सूर्य का नक्षत्र परिवर्तन खुशियां लेकर आएगा। अटके हुए काम में अब तेजी आएगी। धन और प्रतिष्ठा मिलेगी। भाग्य सूरज की तरह चमकेगा। नया वाहन खरीदने के लिए समय शुभ है। निवेश में भी मुनाफा होगा। प्रतियोगी परीक्षा में परिणाम आपके पक्ष में आएगा। पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी मिलने के योग है।

वृश्चिक राशि

करियर में बड़ी उपलब्धि मिलने के संकेत है। ऑफिस का काम घर पर कर रहे लोगों से अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। घर-बाहर प्रसन्नता का माहौल रहेगा। वैवाहिक चर्चाओं में सफलता मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता अर्जित करेंगे। मन में चल रही कोई उलझन समाप्त होगी।

उर्फी जावेद ने पहनी तार से बनी ड्रेस, दिखाया अपना बोल्ड लुक

  उर्फी जावेद हर बार अपने अतरंगी लुक से फैंस को घायल करती रहती हैं। हर बार वे अपने बेबाक अंदाज में लोगों को हैरान कर देती हैं। उर्फी अपने फैशन के साथ एक्सपेरिमेंट करना बंद नहीं करती हैं। वे अपने अनूठे फैशन सेंस के लिए लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी ही रहती हैं। एक बार फिर उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है हाल ही में उर्फी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वे तार लपेटे हुए नजर आ रही हैं। इस बार उर्फी ने तार को ही अपना आउटफिट बना लिया है। उर्फी का यह लुक सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।


उर्फी का नया लुक वायरल

उर्फी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वे पहले तो वे नीले तार के साथ नजर आ रही हैं। लेकिन चंद सेकेंड में ही उन्होंने उसी तार की ड्रेस भी बना ली। अब उर्फी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल होने लगा। उर्फी ने एक बार फिर अपने बोल्ड लुक से लोगों को अपना दीवाना बना दिया है। उर्फी ने उस नीले तार से एक टॉप और स्कर्ट बनाई है। साथ ही उन्होंने अपने बालों का बन बनाया है और लाइट मेकअप किया है। उन्होंने अपनी इस पोस्ट को कैप्शन देते हुए लिखा है कि 'हां यह एक तार है। मुझे लगता है कि यह लुक बहुत ही शानदार है। और भी रंगों के तार मुझे ट्राई करना चाहिए। मेरे लिए फैशन का मतलब एक्सपेरिमेंट करना, कुछ नया बनाना है।'

कई शोज में काम कर चुकी हैं उर्फी

बिग बाॅस ओटीटी से अपनी पहचान बनाने वाली उर्फी ने कई टीवी शोज में काम भी किया है। उन्होंने 'बड़े भैया की दुल्हनिया' में 'अवनि', 'मेरी दुर्गा' में 'आरती', 'बेपनाह' में 'बेला', 'पंच बीट सीजन 2' में 'मीरा' का रोल अदा किया है। वहीं 2016-17 में उर्फी ने स्टार प्लस के 'चंद्र नंदिनी' में 'छाया' की भूमिका निभाई थी। साल 2018 में वे टेलीविजन के शो 'सात फेरों की हेराफेरी' में 'कामिनी' की भूमिका में नजर आई थीं। वहीं 2020 में वे 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में 'शिवानी' के रूप में नजर आई थी। बाद में वे 'कसौटी जिंदगी की' में 'तनीषा' के रोल में थी।

RBI ने एक झटके में 4 बैंकों पर लगाया प्रतिबंध

   भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने चार सहकारी बैंकों पर प्रतिबंध लगा दिये हैं। इसमें ग्राहकों के अपने बैंक खातों से पैसा निकालने की सीमा लगान...